चाईबासा: दिल दहलाने वाली घटना,

कार के अंदर कैद होने से 5 वर्षीय बच्ची की मौत

चाईबासा: चाईबासा के सदर थाना अंतर्गत टुंगरी मोहल्ले में आज एक अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्रीन फ्लैट के समीप सड़क किनारे खड़ी एक कार में खेलते-खेलते दो बच्चे कैद हो गए, जिसमें ऑक्सीजन की कमी के कारण 5 वर्षीय बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई।

​क्या है पूरा मामला?

​जानकारी के अनुसार, एसपीजी मिशन कंपाउंड में रहने वाले आलोक गोप और 5 वर्षीय ईशानी गोप टुंगरी स्थित अपने स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। भीषण गर्मी और तेज धूप से बचने के लिए दोनों बच्चे पास में ही सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर घुस गए। कार का दरवाजा बंद हो गया और दोनों बच्चे अंदर ही फंस गए।

​काफी देर तक कार में रहने के कारण दोनों बच्चों का दम घुटने लगा। इस दौरान बालक आलोक गोप किसी तरह मशक्कत कर बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन 5 वर्षीय ईशानी अंदर ही बेहोश हो गई।

Post center

IMG-20260701-WA0366
IMG-20260701-WA0366

​समय रहते नहीं बचाई जा सकी जान

​बाहर निकलने के बाद आलोक ने किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। आनन-फानन में परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बच्ची की हालत बेहद गंभीर थी। उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

​पूरे शहर में शोक की लहर

​इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही शहर में फैली, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने इसे एक बड़ी लापरवाही और दुखद हादसा बताया है। पुलिस मामले की जानकारी मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

The Voice Live 24x7

The Voice Live 24x7 संपादक प्रोफाइल जीतेन्द्र ज्योतिषी वर्तमान में the voice के प्रधान सम्पादक के साथ 'झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन'के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं..