चाईबासा: नगर परिषद की तीसरी बोर्ड बैठक आज हंगामेदार रही। चेयरमैन नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा और तमाम वार्ड पार्षदों ने शहर की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और कचरा उठाव करने वाली एजेंसी को कड़ी चेतावनी दी है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि अब विभागीय उपेक्षा और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलाहाट की सफाई पर चेयरमैन सख्त
शहर के प्रमुख मंगलाहाट की लचर सफाई व्यवस्था पर चेयरमैन नितिन प्रकाश ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती संतोषिनी मुर्मू और नोडल नगर प्रबंधक संतोष बेदिया को तत्काल स्थल निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया है।
एजेंसी को खुली चेतावनी: सुधरो या हटो
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली एजेंसी ‘मेसर्स पायोनियर’ की कार्यशैली पर बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाया है। चेयरमैन ने साफ कहा कि एजेंसी वाहनों की संख्या बढ़ाए और एक महीने के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करे। चेतावनी दी गई है कि यदि एक महीने के भीतर सुधार नहीं हुआ, तो सभी वार्ड पार्षद लामबंद होकर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने और उनका अनुबंध रद्द करने के लिए नगर विकास विभाग को सिफारिश भेजेंगे।
बैठक में लिए गए ये कड़े निर्णय:
Post center
- नाली-सफाई का ‘युद्धस्तर’: मानसून को देखते हुए सभी वार्डों के नालों की अविलंब सफाई के निर्देश दिए गए हैं।
- अतिक्रमण पर प्रहार: शहर की सड़कों और नालियों पर अवैध कब्जा करने वालों को अब नोटिस थमाया जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- पेयजल संकट से निपटने की तैयारी: पुराने जर्जर जलमीनारों की मरम्मत और बंद पड़े चापानलों को युद्धस्तर पर ठीक करने का निर्देश दिया गया है ताकि भीषण गर्मी में जनता को राहत मिल सके।
- लाइट की समस्या: शहर के अंधेरे वाले इलाकों में नगर परिषद अपने आंतरिक संसाधन से स्ट्रीट लाइट लगाएगी।
विभागीय उपेक्षा पर आर-पार के मूड में जनप्रतिनिधि

बोर्ड बैठक में जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि विभागीय उपेक्षा का कोई भी कृत्य अब बर्दाश्त नहीं होगा। जनप्रतिनिधित्व कानून के हवाले से चेयरमेन की बात आयी सामने अधिकारियों ने कार्यों में लापरवाही बरती,या जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की तो उन पर कानूनी कार्रवाई करने से भी नगर परिषद पीछे नहीं हटेगी।
बैठक के दौरान नशा उन्मूलन की शपथ भी ली गई। मौके पर नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी, प्रधानमंत्री आवास योजना, दीनदयाल जन आजीविका मिशन के नोडल पदाधिकारी सहित पीएचईडी एवं लघु सिंचाई प्रमंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



