बड़ी लापरवाही: बच्चों की थाली में परोसा जा रहा ‘जहर’!

बड़ी लापरवाही: बच्चों की थाली में परोसा जा रहा ‘जहर’! सेंट्रलाइज्ड किचन के मिड-डे मील में मिले कीड़े, भूखे रहे मासूम

खुंटपानी (पश्चिम सिंहभूम): बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा के नाम पर धड़ल्ले से चल रहे सेंट्रलाइज्ड किचन (NGO) के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। मामला पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बनामगुटू का है, जहाँ मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) में कीड़े मिलने से स्कूल में हड़कंप मच गया। बच्चों ने जब भोजन में कीड़े देखे, तो डर के मारे पूरा खाना फेंक दिया और दिनभर भूखे-प्यासे रहकर पढ़ाई करने को मजबूर हुए।

प्रमुख और जिला परिषद सदस्या ने किया औचक निरीक्षण

​इस अमानवीय घटना की जानकारी विद्यालय की शिक्षिका एंजिला हेम्ब्रम ने तुरंत खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा को दी। सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा और जिला परिषद सदस्या यमुना तियू तुरंत विद्यालय पहुंचे और जमीनी हकीकत का जायजा लिया।

​जांच के दौरान शिक्षिका और बच्चों ने रोष जताते हुए बताया कि सेंट्रलाइज्ड किचन द्वारा आए दिन बेहद घटिया स्तर का भोजन भेजा जाता है। मेनू के नाम पर केवल खानापूर्ति हो रही है। हरी सब्जियों का दूर-दूर तक नामोनिशान नहीं रहता और सड़े-गले आलू की सब्जी बनाकर बच्चों को परोस दी जाती है। जिसे बच्चे खा नहीं पाते और अक्सर खाना फेंकना पड़ता है।

 

अधिकारियों के आने से पहले बदल जाता है खाना: सेटिंग का खेल?

​प्रखंड प्रमुख ने जांच के बाद एक बड़े नेक्सस (सांठगांठ) की ओर इशारा किया है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से जांच का विषय है कि जब भी कोई उच्चाधिकारी निरीक्षण के लिए आने वाले होते हैं, तो एनजीओ को इसकी सूचना पहले ही मिल जाती है। उस खास दिन वीआईपी और बेहतरीन भोजन भेजा जाता है, जबकि बाकी दिन बच्चों को कीड़े और सड़ा हुआ खाना खाने पर मजबूर किया जाता है।

‘लाइसेंस हो रद्द, वरना होगा उग्र आंदोलन’

निवेदक और प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने जिला प्रशासन और जिला शिक्षा पदाधिकारी से इस मामले पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने सीधे शब्दों में चेतावनी दी है:

  • ​बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले इस घटिया एनजीओ का लाइसेंस तुरंत रद्द किया जाए।
  • ​अगर इस व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ और दोषी एनजीओ पर कार्रवाई नहीं हुई, तो मध्यान्ह भोजन के इस महाघोटाले के खिलाफ एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

रिपोर्ट: वेब डेस्क, झारखंड।

The Voice Live 24x7

The Voice Live 24x7 संपादक प्रोफाइल जीतेन्द्र ज्योतिषी वर्तमान में the voice के प्रधान सम्पादक के साथ 'झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन'के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं..