आनन्दपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लेवी वसूलने आए पीएलएफआई से जुड़े दो उग्रवादी हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार, एक अन्य सहयोगी भी दबोचा गया
आनन्दपुर (चाईबासा)। पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आनन्दपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार से लेवी वसूलने आए दो उग्रवादियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बाद में पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक अन्य सहयोगी को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार (25 मई 2026) की सुबह आनन्दपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी ईचिण्डा से गोयराबेड़ा के बीच सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार से लेवी (रंगदारी) वसूलने के लिए क्षेत्र में भ्रमणशील हैं। सूचना के सत्यापन के बाद चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक त्वरित विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस को देखकर भागने का प्रयास
गठित टीम जब सुबह करीब 08:20 बजे बुरुईचिण्डा से गोयराबेड़ा जाने वाली कच्ची सड़क के पास गोयराबेड़ा जंगल के नजदीक पहुंची, तो पुलिस वाहन को देखकर दो व्यक्ति जंगल की ओर भागने लगे। सशस्त्र बलों के सहयोग से पुलिस ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
हथियार और स्मार्ट फोन बरामद
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान संजु भोगता (23 वर्ष, पिता- बंधु भोगता, निवासी- बेड़ाकुन्दूदा) और कृष्णा भोगता (27 वर्ष, पिता- कुन्दु भोगता, निवासी- कुदाहाँसदा) के रूप में हुई है। जामातलाशी के दौरान संजु भोगता की कमर से मैगजीन सहित एक पिस्टल, एक जिंदा व एक मिसफायर कारतूस और तीन स्मार्टफोन तथा एक कीपैड फोन बरामद हुआ। वहीं, कृष्णा भोगता के पास से तीन जिंदा कारतूस और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया।
व्हाट्सएप कॉल से देते थे धमकी, पूर्व में PLFI से जुड़ाव
कड़ाई से पूछताछ करने पर संजु भोगता ने स्वीकार किया कि वे लोग व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से ठेकेदारों को डरा-धमकाकर लेवी की मांग करते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) से जुड़े रहे हैं और वर्तमान में भी ठेकेदार से लेवी वसूलने के उद्देश्य से आए थे।
निशानदेही पर तीसरा आरोपी गिरफ्तार, वाहनों को जलाने में भी थे शामिल
दोनों अभियुक्तों की स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार की रात उनके एक अन्य सहयोगी संजय साय (36 वर्ष, पिता- स्व. लक्ष्मण साय, निवासी- हारता, आनन्दपुर) को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से एक स्मार्टफोन जब्त किया गया है।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी संजु भोगता बीते 9 फरवरी 2026 को आनन्दपुर थाना क्षेत्र के रोबोकेरा ग्राम में सड़क निर्माण कार्य में लगी ‘वैष्णवी इन्फ्रा प्रोजेक्ट कंपनी’ के वाहनों को फूंकने की घटना (कांड सं०- 04/26) में भी संलिप्त था।
विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
इस मामले में आनन्दपुर थाना प्रभारी के बयान पर आरोपियों के खिलाफ आनन्दपुर थाना कांड सं०- 13/26, दिनांक 25.05.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 308(2)/308(3)/308(4)/3(5) एवं 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।



