राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर गूंजा सम्मान का स्वर

 टाटा स्टील और रोटरेक्ट क्लब ने चिकित्सकों के समर्पण को किया नमन

चाईबासा/जोड़ा, 1 जुलाई, 2026: आज राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर पूरे क्षेत्र में डॉक्टरों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का माहौल रहा। इसी क्रम में जहाँ टाटा स्टील द्वारा जोड़ा में भव्य समारोह आयोजित कर डॉक्टरों की सेवा भावना को सलाम किया गया, वहीं चाईबासा में रोटरेक्ट क्लब ने शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों को उनके कार्यस्थलों पर जाकर सम्मानित किया।

टाटा स्टील ने दी चिकित्सकों को विशेष श्रद्धांजलि

जोड़ा के वैली क्लब प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य समारोह में टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम मुख्य अतिथि और उपाध्यक्ष (रॉ मैटेरियल्स) संदीप कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. विधान चन्द्र रॉय को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

​अतिथियों ने अपने संबोधन में चिकित्सकों को समाज का ‘सच्चा जीवनरक्षक’ करार देते हुए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनके निस्वार्थ समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की । इस अवसर पर डॉ. विनीता सिंह (जीएम, मेडिकल सर्विसेज), देवाशीष जेना (जीएम, ओएमक्यू) और डॉ. धीरेन्द्र कुमार (सीएमओ, ओएमक्यू) सहित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) नोवामुंडी और जोड़ा के चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित रहे। डॉ. उमंग भारद्वाज ने सुरक्षा संकल्प दिलाया, जबकि जुलाई माह के ‘एथिक्स मंथ’ के उपलक्ष्य में निशिकांत सिंह ने नैतिकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में चिकित्सकों की सांस्कृतिक प्रतिभा भी देखने को मिली, जहाँ नाटक और गीतों ने सबका मन मोह लिया। अंत में डॉ. तापस सारंगी ने आभार व्यक्त किया।

Post center

IMG-20260701-WA0366
IMG-20260701-WA0366

रोटरेक्ट क्लब, चाईबासा ने व्यक्तिगत रूप से जताया आभार

उधर चाईबासा में, रोटरेक्ट क्लब की नई टीम ने एक अनूठी पहल करते हुए शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों के क्लिनिक और कार्यालयों में जाकर उन्हें सम्मानित किया। क्लब के नव-मनोनीत अध्यक्ष विकाश गुप्ता और सचिव सौरभ गुप्ता के नेतृत्व में रोटरैक्टर्स ने डॉ. विजय मूंदड़ा, डॉ. वीणा मूंदड़ा, डॉ. संजीव तिरिया, सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. मानसी संतरा, डॉ. आर. के. सिंह, डॉ. रानू सिंह, डॉ. भास्कर भूषण और डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रोम को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके सेवाभाव को सलाम किया।

​इस अवसर पर टीम के सदस्य सौरभ भगत और कन्हैया पांडेय ने कहा कि चिकित्सक समाज के वे स्तंभ हैं जो बिना किसी स्वार्थ के मानवता की रक्षा करते हैं। रोटरेक्ट क्लब के इस सम्मान कार्यक्रम की शहर के प्रबुद्ध जनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

The Voice Live 24x7

The Voice Live 24x7 संपादक प्रोफाइल जीतेन्द्र ज्योतिषी वर्तमान में the voice के प्रधान सम्पादक के साथ 'झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन'के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं..