पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में परमा एकादशी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तिमय हुआ वातावरण

रांची: पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट में पुरुषोत्तम मास की पावन ‘परमा एकादशी’ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
अलौकिक श्रृंगार और विशेष पूजा-अर्चना
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने विधि-विधान से भगवान की पूजा-अर्चना कराई। इस अवसर पर श्री राधा रानी का अलौकिक श्रृंगार किया गया। उन्हें नए वस्त्रों और जड़ित आभूषणों से सजाया गया, जिसका दिव्य स्वरूप देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भक्तों ने अपने परिवार और समाज की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
Post center
भक्ति गीतों से गूंजा मंदिर परिसर
मंदिर परिसर में आयोजित भजन-कीर्तन और सामूहिक आरती ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आध्यात्मिक आनंद में डूबे श्रद्धालुओं ने भजनों का रसास्वादन किया। आयोजन के अंत में सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच वेजिटेबल खिचड़ी के रूप में महाप्रसाद का वितरण किया गया।
परमा एकादशी का आध्यात्मिक महत्व
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने इस दिन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पुरुषोत्तम मास में आने वाली परमा एकादशी अत्यंत पुण्यदायी होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन उपवास, जप, तप और भगवान विष्णु की आराधना करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी और प्रवक्ता संजय सर्राफ ने उपस्थित होकर व्यवस्था संभाली। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक चेतना जगाते हैं, बल्कि सामाजिक सद्भाव और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का भी संदेश देते हैं।



