अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में श्रद्धापूर्वक मनाया गया परमा एकादशी उत्सव
रांची: अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में गुरुवार, 11 जून को परमा एकादशी का उत्सव अत्यंत श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर में विशेष अनुष्ठान और भजनों की बयार बही, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।
प्रभु का दिव्य श्रृंगार और अलौकिक दर्शन
- उत्सव की शुरुआत सुबह श्री श्याम प्रभु के भव्य श्रृंगार से हुई। प्रभु को नवीन वस्त्र (बागा) पहनाकर स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत किया गया। मंदिर को गुलाब, रजनीगंधा, बेला, जरबेरा, ऑर्किड, गेंदा और तुलसी जैसे ताजे व सुगंधित फूलों से सजाया गया। प्रभु श्याम के साथ-साथ मंदिर परिसर में विराजमान बजरंगबली और शिव परिवार का भी विशेष श्रृंगार किया गया। सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
भक्तिरस में सराबोर हुए श्रद्धालु
रात्रि 9 बजे श्री श्याम प्रभु की पावन ज्योत प्रज्वलित की गई। श्री श्याम मंडल के सदस्यों द्वारा गणेश वंदना के साथ संगीतमय संकीर्तन का शुभारंभ हुआ। इस दौरान:
Post center
- ”मन मस्त हुआ मेरे श्याम दरस तेरा पा करके”
- ”धन घड़ी भाग्य हमारा लीले चढ़ श्री श्याम पधारया”
- ”अनोखा जो भी हुआ श्याम के द्वार हुआ”
- ”मोर छड़ी लहराई रे रसिया ओ संवारा”
- ”श्याम तेरे भरोसे मेरा ये परिवार है”
जैसे भजनों की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजन की धुन पर भक्त झूमते नजर आए और ज्योत में आहुतियां अर्पित कीं। इस दौरान प्रभु को मिष्ठान, फल, मेवा, रबड़ी और केसरिया दूध का भोग निवेदित किया गया। रात्रि 12 बजे महाआरती के साथ उत्सव का समापन हुआ, जिसके बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
आयोजन में इनका रहा विशेष सहयोग
इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश सारस्वत, ओम जोशी, चंद्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, विवेक ढांढनीयां, विकाश पाडिया, नितेश केजरीवाल, जीतेश अग्रवाल, अनुराग पोद्दार, नितेश लाखोटिया और ज्ञान प्रकाश बागला ने सराहनीय योगदान दिया।
इसकी जानकारी मंदिर के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार ने दी।



