प्रांतीय प्रधानाचार्य बैठक का हुआ सफल समापन

चाईबासा | 09 अगस्त 2026
पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चाईबासा में आयोजित ‘ए’ तथा ‘बी’ श्रेणी के प्रांतीय प्रधानाचार्यों की दो दिवसीय बैठक का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया।
समापन सत्र का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन कुमार दास द्वारा मंच पर उपस्थित पदाधिकारियों के परिचय के साथ हुआ। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा ने विद्यालयों में अभिभावक संपर्क और अभिभावक गोष्ठियों का नियमित आयोजन करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य की वाणी में मधुरता होनी चाहिए तथा सभी आचार्य-दीदी जी एवं भैया-बहन निर्धारित वेशभूषा में ही विद्यालय आएं।
Post center
प्रदेश मंत्री ब्रजेश कुमार ने प्रधानाचार्यों को अपने विद्यालय के उत्थान के प्रति सदैव चिंतनशील रहने और समाज के बीच विद्यालय को एक आदर्श संस्थान के रूप में स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा लिसा कुमारी ने मनमोहक एकल गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्मा जी राव ने बच्चों को आधुनिक तकनीक के साथ-साथ मूलभूत शैक्षिक साधनों से जोड़े रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों में बढ़ती ट्यूशन की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए नवाचार (इनोवेशन) के लिए प्रेरित किया तथा विद्यालयों में सशक्त आचार्य एवं प्रबंधकारिणी समिति की टीम तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने सभी को पंच परिवर्तन और भारतीय संस्कृति को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में जमशेदपुर विभाग के विभाग प्रमुख एवं विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव तुलसी प्रसाद ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। अंत में ‘वंदे मातरम्’ गान के साथ इस दो दिवसीय प्रांतीय बैठक का समापन हुआ।



