गोड्डा की बेटी ने किया झारखंड का मान

बॉक्सिंग चैंपियन शिक्षा कुमारी से मिलीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह

रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली गोड्डा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी शिक्षा कुमारी से मुलाकात की। रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में मंत्री ने शिक्षा को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

​दृढ़ संकल्प से मिलती है सफलता: मंत्री दीपिका पांडेय

​मुलाकात के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शिक्षा की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वर्ण पदक जीतकर शिक्षा ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कठोर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। मंत्री ने कहा, “शिक्षा की यह उपलब्धि न केवल गोड्डा के लिए, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।”

Post center

IMG-20260701-WA0366
IMG-20260701-WA0366

​उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा की सफलता राज्य की उन सभी बेटियों के लिए एक संदेश है जो अपने सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में शिक्षा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी झारखंड का नाम रोशन करेंगी।

​चैंपियनशिप का सफर

​झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन एवं सरायकेला-खरसावां जिला बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस चैंपियनशिप के 40-43 किलोग्राम भार वर्ग में शिक्षा कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। शिक्षा ने फाइनल मुकाबले में पश्चिम सिंहभूम की खिलाड़ी सिली को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मुलाकात के दौरान शिक्षा ने मंत्री के साथ चैंपियनशिप के अनुभव और अपनी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

​खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

​मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने दोहराया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि झारखंड के खिलाड़ियों को ऐसे मंच मिलें जहाँ वे अपनी पहचान स्थापित कर सकें।

The Voice Live 24x7

The Voice Live 24x7 संपादक प्रोफाइल जीतेन्द्र ज्योतिषी वर्तमान में the voice के प्रधान सम्पादक के साथ 'झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन'के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं..