पद्मभूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन को अब ‘भारत रत्न’ देने की उठी मांग

गुरूजी को ‘भारत रत्न’ मिले: विनोद पांडेय

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने झारखंड आंदोलन के प्रमुख शिल्पकार और ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्मभूषण सम्मान दिए जाने पर इसे झारखंड की जनता और आदिवासी समाज के संघर्ष का सम्मान बताया है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि गुरुजी को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा जाए।विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि पद्मभूषण से राष्ट्र ने दिशोम गुरु के ऐतिहासिक योगदान को स्वीकार किया है, लेकिन यह गौरव और भी बड़ा होता यदि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाता। उन्होंने कहा कि गुरुजी का सामाजिक, राजनीतिक और मानवीय योगदान इतना व्यापक और ऐतिहासिक है कि वे भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान के वास्तविक हकदार हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से पुनः आग्रह किया कि उनके अप्रतिम योगदान को देखते हुए भारत रत्न देने पर गंभीरता से विचार किया जाए।

Post center

IMG-20260701-WA0366
IMG-20260701-WA0366

​संघर्ष और समर्पण की गाथा

​श्री पांडेय ने कहा कि दिशोम गुरु का संपूर्ण जीवन जल, जंगल, जमीन, आदिवासी अस्मिता, सामाजिक न्याय और वंचित समुदायों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। नेमरा गांव से शुरू हुआ उनका संघर्ष झारखंड राज्य निर्माण तक पहुंचा। उन्होंने अपने अदम्य साहस और नेतृत्व क्षमता के बल पर करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं को आवाज दी।

​गर्व का क्षण: रूपी सोरेन ने ग्रहण किया सम्मान

​राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में गुरुजी की धर्मपत्नी रूपी सोरेन द्वारा सम्मान ग्रहण किए जाने पर श्री पांडेय ने इसे पूरे झारखंड के लिए गर्व और भावुक करने वाला क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उस विचारधारा और आंदोलन की विरासत का है, जिसने झारखंड को उसकी अलग पहचान दिलाई।

​आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा

​झामुमो महासचिव ने कहा कि शिबू सोरेन ने केवल झारखंड राज्य निर्माण का नेतृत्व नहीं किया, बल्कि किसानों, मजदूरों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा और उनके विचार समाज को दिशा देते रहेंगे।

The Voice Live 24x7

The Voice Live 24x7 संपादक प्रोफाइल जीतेन्द्र ज्योतिषी वर्तमान में the voice के प्रधान सम्पादक के साथ 'झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन'के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं..