राशन और उपहार देकर चेहरों पर बिखेरी मुस्कान
जमशेदपुर: लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने सामाजिक सरोकार की एक और मिसाल पेश की है। क्लब अध्यक्ष लायन आरती पांडेय के नेतृत्व में सदस्यों की एक टीम ने आज सोनारी स्थित पालना गृह, आदर्श सेवा संस्थान का दौरा किया। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने वहां रह रहे बच्चों के साथ आत्मीय और स्नेहिल समय बिताया।
बच्चों के बीच खुशियां बांटने की पहल
इस विशेष कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब के सदस्यों ने बच्चों को वस्त्र, चॉकलेट और बिस्कुट वितरित किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरा वातावरण खुशनुमा हो गया। क्लब की ओर से न केवल उपहार दिए गए, बल्कि संस्थान को जरूरी राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई, ताकि बच्चों की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल सके।
Post center
समाजसेविका प्रभा जायसवाल का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान, आदर्श सेवा संस्थान की संचालिका श्रीमती प्रभा जायसवाल को सम्मानित भी किया गया। लायंस क्लब ने उन्हें बाल कल्याण और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए स्मृति-चिह्न भेंट किया।
”सेवा ही हमारा लक्ष्य”: लायन आरती पांडेय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष लायन आरती पांडेय ने कहा, “लायंस क्लब का मूल उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों तक अपनापन और स्नेह पहुँचाना भी है। हम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भविष्य में भी ऐसे ही सेवा कार्य निरंतर जारी रखेंगे।”
सेवा कार्य में इनकी रही सक्रिय भागीदारी
इस आयोजन को सफल बनाने में क्लब के सेक्रेटरी आलोक स्कंध सहित डॉ. रघुमणि, माहरूख मेहता, ज्योति मिश्रा, इंद्राणी बंद्योपाध्याय, उर्मिला प्रसाद, अजय पांडेय, मदन केसरी, मिहिर दास और प्रदीप बंद्योपाध्याय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



