मुहर्रम पर श्री महावीर मंडल, रांची महानगर ने लगाया स्वागत शिविर, दिया सौहार्द का संदेश

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, राज्यसभा सांसद महुआ मांझी सहित शहर के अनेक गणमान्य एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
रांची। मुहर्रम के अवसर पर श्री महावीर मंडल, रांची महानगर द्वारा शनिवार को संकट मोचन हनुमान मंदिर, मेन रोड के समीप भव्य स्वागत शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने की।
स्वागत शिविर में मुहर्रम जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं एवं प्रतिभागियों के बीच पेयजल एवं बिस्कुट का वितरण किया गया। साथ ही विभिन्न मुहर्रम समितियों के अखाड़ों के अध्यक्षों, सचिवों एवं अन्य गणमान्य लोगों का अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, राज्यसभा सांसद महुआ मांझी सहित शहर के अनेक गणमान्य एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने श्री महावीर मंडल, रांची महानगर की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और आपसी सद्भाव का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
वक्ताओं ने कहा कि रांची शहर की पहचान हमेशा से गंगा-जमुनी तहज़ीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के लिए रही है। श्री महावीर मंडल, रांची महानगर ने इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सभी धर्मों एवं समुदायों के पर्व-त्योहारों को प्रेम, सम्मान और शांति के वातावरण में मनाने का संदेश दिया।
महावीर मंडल के प्रवक्ता बादल सिंह ने कहा कि संस्था भविष्य में भी सभी रांचीवासियों के साथ मिलकर सद्भाव, एकता और शांति की परंपरा को मजबूत करने तथा सभी पर्व-त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन में अपना सकारात्मक सहयोग देती रहेगी।
इस अवसर पर दिलीप सोनी, बादल सिंह, रोहित शारदा, अजय बथवाल, अमरेंद्र सिन्हा (पप्पू), देवेश अजमानी, पवन बजाज, धीरज तनेजा, नीतीश मिश्रा, अमन सिंह सहित श्री महावीर मंडल, रांची महानगर के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

The Voice Live 24x7

The Voice Live 24x7 संपादक प्रोफाइल जीतेन्द्र ज्योतिषी वर्तमान में the voice के प्रधान सम्पादक के साथ 'झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन'के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं..