प्रकृति की गोद में बिताए सुकून भरे पल
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को रांची के निकट स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘जोन्हा फॉल’ का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। फॉल की मनमोहक वादियों के बीच मुख्यमंत्री ने न केवल प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया, बल्कि स्थानीय लोगों से संवाद कर उनका हाल-चाल भी जाना।
झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार:
अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रकृति के प्रति अपना प्रेम और समर्पण व्यक्त करते हुए कहा, “प्रकृति की गोद में बहती निर्मल जलधारा, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों का शांत सौंदर्य बार-बार यह एहसास कराता है कि झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार है।”
Post center
संरक्षण का संदेश:
मुख्यमंत्री ने राज्य की प्राकृतिक धरोहर को सहेजने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “यह हमारी साझी धरोहर है, जिसे सहेजना और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने राज्य में पर्यटन की असीम संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड के किसी भी कोने में आप चले जाइए, प्रकृति अपने अलग-अलग रंगों में आपका स्वागत करती दिखाई देगी।
सैलानियों का स्वागत:
अंत में मुख्यमंत्री ने राज्य आने वाले सभी पर्यटकों को आमंत्रित करते हुए कहा, “झारखंड की इस अनुपम धरती पर सभी सैलानियों का हार्दिक स्वागत है, जोहार।”



