राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा- सफलता के लिए लगन और परिश्रम अनिवार्य
रांची: यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (झारखंड) की ओर से आर्यभट्ट सभागार, रांची में ‘7वें झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच के दम पर ही किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
’सम्मान केवल व्यक्ति का नहीं, मूल्यों का है’
राज्यपाल ने कहा कि यह पुरस्कार केवल व्यक्तियों का सम्मान नहीं है, बल्कि यह उन जीवन-मूल्यों का सम्मान है जिसे पुरस्कार पाने वाले लोगों ने अपने परिश्रम, ईमानदारी और सेवा-भाव से अर्जित किया है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल सफलता न खोजें, बल्कि एक अच्छा इंसान और प्रेरणादायी व्यक्तित्व बनने का संकल्प लें। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको’ को युवाओं के लिए मार्गदर्शक बताया।
’विकसित भारत @2047′ के निर्माण में युवाओं की बड़ी भूमिका
समारोह में उपस्थित केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि कैसे भारत में स्टार्टअप्स की संख्या 2013 के 400 से बढ़कर आज 2.36 लाख के पार पहुंच गई है और डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा है।
Post center
संस्था के अध्यक्ष और राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने कहा कि इस आयोजन का मूल उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के कार्यों और समाज सेवा के प्रति प्रेरित करना है।
इन विभूतियों को मिला ‘झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड’
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया गया:
- लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड: प्रो. गोपाल पाठक
- साहित्य: पंकज दुबे
- अभिनय एवं सिनेमा: राजेश कुमार
- समाज सेवा एवं जननेतृत्व: रौशनी खलखो
- स्पोर्ट्स एंकरिंग: ऋद्धिमा पाठक
- स्वास्थ्य सेवा: डॉ. प्रेम
- थियेटर एवं परफॉर्मिंग आर्ट्स: राकेश रमण
- पत्रकारिता: संजय मिश्रा
- शिक्षा: प्रो. एके चटोराज
- ऑनलाइन एजुकेशन: साक्षी जैन
- ग्रीन एनर्जी: सुनील आर्यंत
- खेल: शुभालक्ष्मी शर्मा एवं एल. पलटोदीप सिंह
- इवेंट प्लानिंग: प्रशांत सूरज
- इमर्जिंग टैलेंट (अभिनय): राजू तिर्की
- इमर्जिंग टैलेंट (पत्रकारिता): वैशाली राज
- फिल्म मेकिंग: इम्तियाज़ अली
इस अवसर पर झारखंड विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य सी.पी. सिंह सहित शिक्षा जगत के दिग्गज, खिलाड़ी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद थे।



