नगर परिषद बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पर लगी मुहर
चाईबासा, 15 जुलाई 2026: नगर परिषद चाईबासा के सभागार में बुधवार को अध्यक्ष नितिन प्रकाश की अध्यक्षता में बोर्ड की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, परिवहन व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर सर्वसम्मति से सहमति प्रदान की गई।
टोटो का होगा अनिवार्य निबंधन
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय शहरी क्षेत्र में परिचालन हेतु इलेक्ट्रिक एवं बैटरी चालित वाहनों (टोटो) के निबंधन को लेकर रहा। बोर्ड ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अब चाईबासा शहरी क्षेत्र में टोटो परिचालन के लिए निबंधन कराना अनिवार्य होगा। इस निर्णय से शहर की परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित किया जा सकेगा।
शहर का बदलेगा स्वरूप: सौंदर्यीकरण की योजना
नगर वासियों के लिए राहत भरी खबर है कि शहर के प्रमुख स्थलों के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गई है। बैठक में मंगलाहाट, कचहरी तालाब और सिंघाड़ा गली के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को बोर्ड ने अपनी स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट की प्रगति पर चर्चा की गई और कार्य कर रही एजेंसी के भुगतान संबंधी लंबित समस्याओं के निराकरण की जानकारी दी गई।
Post center
संसाधनों में होगा विस्तार
नगर विकास एवं आवास विभाग की हाई लेवल मॉनिटरिंग कमेटी के तहत नगर परिषद के संसाधनों को और मजबूत किया जाएगा। बोर्ड ने विभिन्न मशीनों एवं वाहनों की खरीद पर सहमति दी है, जिनमें शामिल हैं:
- जेसीबी (छोटा एवं बड़ा)
- ट्रक माउंटेड स्काइ लिफ्टर
- ड्रेनेज सक्शन मशीन, ट्रैक्टर एवं मिनी हॉपर टीपर
- थर्मल फागिंग मशीन, स्कीड लोडर तथा ट्रॉली
- ई-रिक्शा
SIR कार्य में तेजी लाने के निर्देश
अनुमंडल पदाधिकारी और अंचलाधिकारी चाईबासा के अनुरोध पर बैठक में SIR (सर्वे) कार्यों में सहयोग का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने सभी वार्ड पार्षदों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ (BLO) के साथ समन्वय स्थापित करें और विशेष कैंप का आयोजन करें। यह सुनिश्चित करने का प्रयास है कि नगर वासियों को फॉर्म भरने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में सभी वार्ड पार्षदों ने अपने लिखित प्रस्ताव समर्पित किए और पूर्व में लिए गए निर्णयों एवं उन पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई।



