बासुकिनाथ धाम: शिवगंगा सरोवर की सफाई के दौरान प्रकट हुए पाताल महादेव, भक्तों में उमड़ा आस्था का सैलाब
![]()
बासुकिनाथ (झारखंड): विश्व प्रसिद्ध बासुकिनाथ धाम में श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों के बीच एक अत्यंत ही सुखद और आस्थापूर्ण घटना सामने आई है। शिवगंगा सरोवर में चल रही साफ-सफाई के दौरान सरोवर के मध्य स्थित प्राचीन पाताल कुंड से ‘पाताल महादेव’ के विग्रह प्रकट हुए, जिसके बाद से ही क्षेत्र में भक्ति की लहर दौड़ गई है।
कार सेवा से सुखाया कुंड, निकली प्राचीन प्रतिमाएं
बुधवार को स्थानीय पंडा पुरोहितों और दर्जनों उत्साही युवाओं ने पूर्ण निष्ठा और श्रद्धा के साथ ‘कार सेवा’ का बीड़ा उठाया। शिवगंगा के मध्य स्थित लगभग 15 फीट गहरे इस प्राचीन जलकुंड से आपसी सहयोग से पानी और कीचड़ को हटाया गया। जैसे ही कुंड की तलहटी साफ हुई, पाताल महादेव, माता पार्वती सहित अन्य देवी-देवताओं की प्राचीन प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को दर्शन देने लगीं।
Post center
विधिवत पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
प्रतिमाओं के प्रकट होने के बाद नगरवासियों और श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा भाव से उनकी विधिवत साफ-सफाई की और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए नगर पंचायत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। कुंड में उतरकर दर्शन करने वाले भक्तों का तांता लगा हुआ है।
श्रावणी मेले की तैयारियों के बीच विशेष संयोग
ज्ञात हो कि आगामी 30 जुलाई से बासुकिनाथ में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला प्रारंभ होने जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र के साथ-साथ शिवगंगा सरोवर की साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि इस वर्ष आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुगम दर्शन प्राप्त हों। ऐसे समय में पाताल महादेव का प्रकट होना श्रद्धालुओं के लिए एक शुभ संकेत और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है।




