माँ दिउड़ी मंदिर में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने की पूजा-अर्चना, राज्य की खुशहाली की कामना की

तमाड़/रांची: प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ दिउड़ी मंदिर शनिवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन का आगमन हुआ। यहाँ मुख्यमंत्री ने माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना कर पूरे राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और उन्नति के लिए प्रार्थना की।
Post center
पारंपरिक अनुष्ठान के साथ मत्था टेका
मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए माँ दिउड़ी के दरबार में मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक पुरोहित मनोज पंडा एवं मुख्य पाहन सुखराम जी के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर स्थानीय ग्रामीण अत्यंत उत्साहित नजर आए।
’झारखंड की पहचान है हमारी सांस्कृतिक विरासत’
माँ दिउड़ी मंदिर में पूजा के उपरांत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत ही हमारी पहचान है। उन्होंने आगे कहा कि माँ दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहाँ पहुँचते ही एक विशेष सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।



