सोमवती अमावस्या पर रांची में भक्ति की बयार

 राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ा जनसैलाब

रांची: सोमवती अमावस्या का पावन पर्व राजधानी रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम में पूरी श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

​भव्य श्रृंगार और आध्यात्मिक वातावरण

​मंदिर परिसर दिनभर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। इस विशेष अवसर पर श्री राधा रानी का नवीन दिव्य वस्त्रों और आकर्षक आभूषणों से भव्य अलौकिक श्रृंगार किया गया था। मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं।

​दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लड्डू, फल, पेड़ा, चूरमा और खिचड़ी सहित विविध प्रकार के महाप्रसाद का भोग प्रभु को अर्पित किया।

​अन्नपूर्णा सेवा: महाप्रसाद का वितरण

​ट्रस्ट की ओर से इस शुभ अवसर पर 270वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। वितरण में विशेष रूप से मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, शीतल जलजीरा शर्बत और सत्तू पानी शामिल था।

Post center

IMG-20260701-WA0366
IMG-20260701-WA0366

​भजन-संध्या ने किया भावविभोर

​संध्या बेला में आयोजित भजन-संध्या ने पूरे आयोजन को और भी भक्तिमय बना दिया। भजन गायक मनीष सोनी ने प्रभु श्याम एवं श्री राधा-कृष्ण की महिमा का गुणगान किया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भक्ति के सागर में डूब गए। “राधे-राधे” और “जय श्री कृष्ण” के जयघोषों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। इसके पश्चात सामूहिक महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें सभी ने विश्व शांति और समृद्धि की कामना की।

​पांच हजार से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

​ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने जानकारी दी कि सोमवती अमावस्या के अवसर पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और दिनभर में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक अन्नपूर्णा सेवा के तहत वेजिटेबल खिचड़ी का वितरण किया जाता है, जिसका लाभ प्रतिदिन सैकड़ों लोग उठाते हैं।

प्रमुख उपस्थिति:

इस पुनीत अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, विजय अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, निर्मल छावनिका, सुरेश अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, नंदकिशोर चौधरी, संजय सर्राफ, अनूप अग्रवाल, सुनील पोद्दार, अरविंद अग्रवाल, विष्णु सोनी और पवन पोद्दार सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

The Voice Live 24x7

The Voice Live 24x7 संपादक प्रोफाइल जीतेन्द्र ज्योतिषी वर्तमान में the voice के प्रधान सम्पादक के साथ 'झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन'के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं..