90 दिवसीय कानूनी जागरूकता अभियान के जरिए आमजनों को बनाया गया सशक्त
चाईबासा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) के निर्देशानुसार, चाईबासा में कानूनी जागरूकता का अलख जगाया जा रहा है। इसी कड़ी में, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, DLSA चाईबासा, मोहम्मद शाकिर एवं सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में संचालित ’90 दिवसीय गहन कानूनी जागरूकता एवं आउटरीच अभियान’ के तहत न्याय रथ गोइलकेरा प्रखंड पहुंचा
।
’जागृति’ और ‘मिशन वात्सल्य’ की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान सहायक LADC रत्नेश कुमार और अधिकार मित्रों ने आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
श्री कुमार ने विशेष रूप से नालसा की ‘जागृति योजना’ (Justice Awareness for Grassroots Information and Transparency Initiative) पर प्रकाश डाला। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कानूनी अज्ञानता के कारण कोई भी नागरिक अपने मौलिक अधिकारों से वंचित न रहे। यह योजना मुख्य रूप से बाल विवाह, घरेलू हिंसा, और महिला एवं बाल संरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर केंद्रित है। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए नालसा के टोल-फ्री नंबर 15100 पर संपर्क करने की जानकारी दी।
Post center
’मिशन वात्सल्य’ के लाभुकों का हुआ फॉलो-अप
इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार की ‘मिशन वात्सल्य योजना’ (स्पॉन्सरशिप) के तहत लाभुकों का समेकित फॉलो-अप भी किया गया। अधिकार मित्रों ने उपस्थित लाभुकों और उनके अभिभावकों को योजना के लाभ और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से समझाया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके सर्वांगीण (मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक) विकास को सुनिश्चित करना है। शिविर के दौरान लाभुकों की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में इनका रहा योगदान
इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में अधिकार मित्र एंजेला कांडुलना, मोहम्मद परवेज अंसारी, श्वेता नायक, साहू गगराई, सिमोन बरजो, श्रीकांत प्रधान और अरूप कुमार प्रधान ने सक्रिय भूमिका निभाई और आमजनों तक विधिक सहायता पहुँचाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।



