चाईबासा Live का वार्षिकोत्सव: ‘द वॉयस लाइव’ वेबसाइट का शुभारंभ; बागुन सुम्बुरुई को ‘पद्म भूषण’ देने की उठी पुरजोर मांग
चाईबासा: चाईबासा Live समूह की वर्षगांठ होटल ‘सन साइन’ में बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग शामिल हुए और समूह की नई वेबसाइट thevoicelive.com का विधिवत शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का संचालन चाईबासा Live के तकनीकी संपादक राहुल शर्मा ने किया।
बागुन सुम्बुरुई को पद्म भूषण देने की मांग: संकल्प सेशन
इस समारोह की सबसे खास बात ‘संकल्प सेशन’ रहा, जिसमें चाईबासा Live के संस्थापक जीतेन्द्र ज्योतिषी के प्रस्ताव पर सभी ने एक स्वर से झारखंड आंदोलन के पुरोधा और राज्य की राजनीति के भीष्म पितामह स्व. बागुन सुम्बुरुई को ‘पद्म भूषण’ पुरस्कार देने की मांग की।
सभी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि संस्थापक की अगुवाई में वरिष्ठ लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही महामहिम राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मिलकर आदिवासी हितों के इस पुनीत कार्य हेतु अपनी बात रखेगा।
डीएमएफटी (DMFT) मद में गबन पर तीखी चर्चा
समारोह में डीएमएफटी मद से जुड़े मुद्दों को विशेष रूप से उठाया गया। वक्ताओं ने इस मद में हुए हजारों-करोड़ के कथित गबन पर गहरा रोष प्रकट किया। अधिवक्ता राजा राम गुप्ता ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में उठाए गए जनहित के मुद्दों को सरकारी विभाग द्वारा सेंसर कर प्रकाशित किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि समाचार सेंसर करने और पत्रकारों के अपमान के मुद्दे को लेकर वे मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे।
Post center
’चॉकलेट’ वाले व्यंग्य पर प्रशासनिक तंत्र को घेरा
कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारी और झामुमो के वरिष्ठ कार्यकर्ता मो. बारीक ने प्रशासनिक कार्यों में जनता को उचित सम्मान न मिलने की शिकायत की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “मोदी जी मेलोनी को मेलोडी खिला रहे हैं तो यहाँ हमें भी कुछ लोग चॉकलेट ही चॉकलेट खिला रहे हैं… लगता है विकास को सुगर हो कर रहेगा।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड बनने के बाद आंदोलनकारियों का अपमान अब सिंहभूम नहीं सहेगा।
अन्य प्रमुख वक्ता और उनके सुझाव
- राजकुमार ओझा (संरक्षक, पश्चिमी सिंहभूम चैम्बर): उन्होंने कहा कि चाईबासा Live जनता को अपनी तकलीफें खुलकर रखने का मंच दे। कुछ लोग जनता को भेड़-बकरी समझ रहे हैं, जिसे लेकर वे जल्द ही चैंबर की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलेंगे।
- त्रिसानू राय (सामाजिक कार्यकर्ता/कांग्रेस नेता): उन्होंने जनसंपर्क एवं कला-संस्कृति विभाग से स्थानीय प्रतिभाशाली कलाकारों व चित्रकारों को अवसर देने की मांग की।
- सरदार गुरुमुख सिंह खोखर: उन्होंने 1400 वर्ष पुराने ऐतिहासिक स्थल बेनीसागर पर चाईबासा Live द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
- हेमंत केसरी (भाजपा नेता): उन्होंने शासन-प्रशासन को कहा अपने आप मे व्यस्त न रहे जन शिकायतों पर तत्परता से संज्ञान लेने की बात कही ।
- अलकमा रूही (पीएलवी): उन्होंने गाँव-गाँव की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का सुझाव दिया।
सम्मान समारोह
समारोह में संथाल समुदाय के फिल्म निर्माता और ‘त्रिरियो म्यूजिक’ के निदेशक सूर्य सिंह हेमब्रम को सम्मानित किया गया। वहीं, समाजसेवी त्रिसानू राय ने चाईबासा Live के संस्थापक जीतेन्द्र ज्योतिषी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।



