बिछड़े भाई को मिला सहारा

डेढ़ साल से भटके यूपी के फूलदेव यादव को डालसा की पहल से मिला परिवार, नम हुईं सबकी आंखें

चाईबासा:

मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की एक बेहद मार्मिक तस्वीर चाईबासा से सामने आई है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) रांची के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा श्री मौहम्मद शाकिर तथा सचिव श्री रवि चौधरी के कुशल मार्गदर्शन में, उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के रहने वाले फूलदेव यादव को आखिरकार उनका बिछड़ा हुआ परिवार मिल गया है। पिछले डेढ़ साल से अपने घर-परिवार से बिछड़कर भटक रहे फूलदेव को उनके छोटे भाई सिद्धनाथ यादव को सकुशल सौंप दिया गया। भाई को देखते ही दोनों भाई गले लगकर फूट-फूटकर रो पड़े, जिसे देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

​क्या है पूरा मामला?

​बीते 23 जुलाई 2026 को नोवामुंडी टाटा स्टील अस्पताल से डिस्चार्ज किए जाने के बाद मानसिक रूप से विक्षिप्त और भटके हुए फूलदेव यादव को डालसा के प्रयास से ‘संचार ओल्ड-एज होम’ में सुरक्षित रखवाया गया था। हालांकि, कुछ दिनों बाद वह ओल्ड-एज होम से फिर से भटकते हुए नोवामुंडी चले गए।

Post center

IMG-20260701-WA0366
IMG-20260701-WA0366

​ डालसा टीम के लिए यह एक बड़ी चुनौती थी। तीन दिनों की कड़ी मशक्कत और खोजबीन के बाद उन्हें दोबारा सुरक्षित ढूंढा गया। इस बीच, सोशल मीडिया और डालसा की सक्रियता के माध्यम से उनके गृह जिले का पता लगाया गया और उनके परिजनों तक इसकी सूचना पहुंचाई गई।

​अपनों की फेहरिस्त और मानवीय प्रयास

​सूचना मिलते ही यूपी के संत कबीर नगर जिले से फूलदेव के भाई सिद्धनाथ यादव चाईबासा पहुंचे। डालसा की देखरेख में कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनका भाई सौंप दिया गया।

​इस पूरे पुनर्मिलन अभियान को सफल बनाने में पीएलबी प्रमिला पात्रो, रेणु देवी, सोम बोस, तथा झींकपानी थाना प्रभारी और किरीबुरू थाना प्रभारी ने अहम भूमिका निभाई।

​एक तरफ जहां डेढ़ साल की लंबी जुदाई के बाद दोनों भाइयों का यह मिलन चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर डालसा चाईबासा की इस संवेदनशील पहल और मानवीय सेवा की हर कोई भूरी-भूरी प्रशंसा कर रहा है।

The Voice Live 24x7

The Voice Live 24x7 संपादक प्रोफाइल जीतेन्द्र ज्योतिषी वर्तमान में the voice के प्रधान सम्पादक के साथ 'झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन'के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं..